
राजगढ़/खिलचीपुर।
वरिष्ठ भाजपा नेता और नगर पालिका खिलचीपुर की अध्यक्ष प्रतिनिधि रामकरण मालाकार का मंगलवार सुबह दिल का दौरा पड़ने से आकस्मिक निधन हो गया। उनके निधन की खबर फैलते ही पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। अस्पताल में देखते ही देखते लोगों का हुजूम उमड़ पड़ा।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, रामकरण मालाकार की तबीयत बुधवार सुबह अचानक बिगड़ी। पहले उन्हें खिलचीपुर स्थित एक निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां से हालत गंभीर देखते हुए उन्हें सरकारी अस्पताल रेफर किया गया। लेकिन रास्ते में ही उन्होंने दम तोड़ दिया। अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

▶ सुबह से थे बेचैन, कई लोगों से की थी बातचीत
परिजनों और स्थानीय लोगों के अनुसार, मालाकार सुबह से ही मानसिक तनाव में थे और उन्होंने कई लोगों से फोन या मुलाकात के जरिए बातचीत की थी। चर्चाओं के अनुसार, वह किसी जमीन से जुड़े विवाद को लेकर चिंतित थे और इस मुद्दे पर उन्होंने कुछ लोगों से अपनी बात भी साझा की थी। हालाँकि अभी तक विवादित जमीन और उससे जुड़े तथ्यों की स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आई है।
बताया जा रहा है कि मालाकार जब अपने परिजनों से इसी विषय पर चर्चा कर रहे थे, उसी दौरान उनकी तबीयत अचानक बिगड़ गई। परिजन तत्काल उन्हें खिलचीपुर-राजगढ़ रोड स्थित एक निजी नर्सिंग होम ले गए, लेकिन डॉक्टरों ने तुरंत राजकीय अस्पताल रेफर कर दिया। दुर्भाग्यवश रास्ते में ही उनका निधन हो गया।
▶ सामाजिक और राजनीतिक जीवन
रामकरण मालाकार न केवल मालाकार समाज के जिला अध्यक्ष थे, बल्कि राजनीति में भी उनकी गहरी पकड़ थी। वह वर्तमान में नगर पालिका अध्यक्ष राम जानकी मालाकार के पति थे। इससे पहले भी वह नगर पालिका उपाध्यक्ष, और भाजपा संगठन के कई पदों पर अपनी भूमिका निभा चुके थे। समाज और पार्टी में उनकी गहरी पैठ थी।
▶ अंतिम दर्शन को उमड़े लोग
उनकी मृत्यु की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में समाज के लोग, पार्टी कार्यकर्ता और आमजन अस्पताल पहुंच गए। हर किसी की आंखें नम थीं। एक लोकप्रिय, मिलनसार और सक्रिय जनप्रतिनिधि के असमय निधन ने पूरे क्षेत्र को गहरे शोक में डाल दिया है।