
राजगढ़, 16 मई 2025
जिले के आठ वेयरहाउस संचालकों की मुश्किलें बढ़ गई हैं। निर्धारित क्षमता से अधिक गेहूं भंडारण करने और दस्तावेजी प्रक्रियाएं जैसे हैंडलिंग चालान, स्वीकृति पत्रक एवं वेयरहाउस रसीदें पूर्ण न होने से किसानों को भुगतान नहीं हो पाया। इस लापरवाही को गंभीरता से लेते हुए कलेक्टर डॉ. गिरीश कुमार मिश्रा ने आठ गोदाम संचालकों को कारण बताओ नोटिस जारी किए हैं।
नोटिस पाने वाले गोदाम संचालकों में शामिल हैं:
महादेव वेयरहाउस (गोदाम नं. 54, कुरावर), मॉ शक्ति वेयरहाउस (गोदाम नं. 71, ब्यावरा), युगऋषि वेयरहाउस (गोदाम नं. 51, कुरावर), श्री राधा कृष्णा वेयरहाउस (गोदाम नं. 69, ब्यावरा), आनंद वेयरहाउस (गोदाम नं. 17, पचोर), रेखा वेयरहाउस – शिवहरे (गोदाम नं. 56, ब्यावरा), गुप्ता वेयरहाउस (गोदाम नं. 35 व 36, नरसिंहगढ़) तथा वेदिका वेयरहाउस (गोदाम नं. 27, खुजनेर)।
सभी संचालकों को निर्देश दिया गया है कि वे 22 मई 2025 को दोपहर 3 बजे तक कलेक्टर के समक्ष व्यक्तिगत रूप से उपस्थित होकर अपना स्पष्टीकरण प्रस्तुत करें। निर्धारित समय पर जवाब न देने की स्थिति में उनके गोदामों को ब्लैकलिस्ट करने, अनुज्ञप्ति निरस्त करने तथा संबंधित थानों में प्राथमिकी दर्ज कराने सहित अन्य कानूनी कार्यवाही की जा सकती है।