
राजगढ़। जिले के बहुचर्चित मां भैंसवामाता मंदिर चोरी कांड का राजगढ़ पुलिस ने महज 10 दिन में खुलासा कर एक बड़ी कामयाबी हासिल की है। थाना लीमाचौहान पुलिस ने अंतर्राज्यीय चोर गिरोह के तीन सदस्यों को गिरफ्तार कर लिया है। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक श्री अमित तोलानी द्वारा चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत की गई, जिसमें अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आलोक शर्मा, एसडीओपी सारंगपुर अरविंद सिंह के मार्गदर्शन और थाना प्रभारी उनि अनिल राहोरिया के नेतृत्व में टीम ने बेहतरीन तालमेल दिखाया।
चोरी की घटना और FIR
4 जून 2025 की रात अज्ञात चोरों ने भैंसवामाता मंदिर की दानपेटी तोड़कर नकदी चुरा ली थी। इस घटना की रिपोर्ट पटवारी राधेश्याम भिलाला द्वारा दी गई, जिस पर थाना लीमाचौहान में अपराध क्रमांक 149/25 धारा 303(2) BNS के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
CCTV, साइबर सेल और राजसमंद में दबिश
विशेष टीम द्वारा घटनास्थल का सूक्ष्म निरीक्षण, CCTV फुटेज की गहन जांच, और साइबर सेल की सहायता से संदिग्ध मोबाइल लोकेशन का विश्लेषण कर पुलिस टीम राजस्थान के राजसमंद पहुंची। वहां स्थानीय थाना कांकरोली की मदद से आरोपी बाबूलाल भील को राजसमंद झील के पास से गिरफ्तार किया गया।
बाबूलाल की निशानदेही पर उसके दो अन्य साथी —
मनीष पालीवाल (मोरबड़, जिला राजसमंद)
गेहरीलाल कुमावत (खटामला, जिला राजसमंद) को किराए के मकान से गिरफ्तार किया गया।
गिरफ्तार आरोपी
- बाबूलाल पिता छगनलाल भील – बानई, जिला राजसमंद
- मनीष पिता प्यारेलाल पालीवाल – मोरबड़, जिला राजसमंद
- गेहरीलाल पिता बोलीराम कुमावत – खटामला, जिला राजसमंद
फरार आरोपी:
आशू उर्फ आशाराम गरासिया
महेंद्र गरासिया
(दोनों निवासी गोगुंदा, जिला उदयपुर, राजस्थान)
पुलिस की टीमें उनकी तलाश में लगातार दबिश दे रही हैं।
बरामदगी कार और नगदी
पुलिस ने आरोपियों से चोरी में प्रयुक्त एक बिना नंबर की हुंडई आई -20 कार और 25 हजार रुपए जब्त की है, जिसकी अनुमानित कीमत ₹9 लाख बताई गई है। साथ ही चोरी गई राशि और अन्य सामग्री की बरामदगी की कार्यवाही जारी है।

पुलिस की प्रशंसा और मंदिर समिति द्वारा सम्मान –
राजगढ़ पुलिस द्वारा इस अंतर्राज्यीय गिरोह का पर्दाफाश और 10 दिनों के भीतर बड़ा खुलासा किए जाने पर मंदिर समिति और क्षेत्रीय जनों ने पुलिस टीम का फूल-मालाओं से अभिनंदन किया। मंदिर समिति के सदस्यों ने थाना प्रभारी अनिल राहोरिया एवं टीम को सम्मान-पत्र प्रदान कर कर्तव्यनिष्ठा के लिए धन्यवाद प्रकट किया।
वर्जन
“राजगढ़ पुलिस नागरिकों की आस्था के केंद्रों की सुरक्षा के प्रति पूरी तरह प्रतिबद्ध है। भैंसवामाता मंदिर चोरी का शीघ्र खुलासा टीमवर्क और तकनीकी जांच की मिसाल है। फरार आरोपियों को भी जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।”
अमित तोलानी एसपी राजगढ़
