राजगढ़ से बालाघाट स्थानांतरित

भानु ठाकुर | राजगढ़।
मध्य प्रदेश सरकार द्वारा बुधवार को किए गए आईपीएस अधिकारियों के तबादलों में राजगढ़ एसपी आदित्य मिश्रा का स्थानांतरण एक बार फिर चर्चा का विषय बन गया है। मिश्रा अब बालाघाट जिले के पुलिस अधीक्षक के रूप में जिम्मेदारी संभालेंगे। यह वही बालाघाट है, जहां उन्होंने पूर्व में एसडीओपी रहते हुए नक्सल प्रभावित इलाकों में कई साहसिक ऑपरेशन चलाए थे। उनके इन्हीं अभियानों के लिए उन्हें लगातार दो वर्षों तक वीरता पुरस्कार से सम्मानित किया गया था।

राजगढ़ में ईमानदारी और संवेदनशीलता का परिचय
राजगढ़ जिले में लगभग डेढ़ साल की सेवा के दौरान आदित्य मिश्रा ने न केवल प्रशासनिक दक्षता का परिचय दिया, बल्कि कई सामाजिक बुराइयों के विरुद्ध प्रभावशाली अभियान चलाए। उनकी कार्यप्रणाली पर कोई दाग नहीं रहा। उन्होंने उन गांवों को चिन्हित किया जहां बच्चों और महिलाओं को अपराध के लिए इस्तेमाल किया जा रहा था, और सुनियोजित कार्ययोजना के माध्यम से कई गिरोहों का पर्दाफाश किया।
उनके नेतृत्व में न सिर्फ करोड़ों की चोरी की संपत्ति रिकवर की गई, बल्कि कई अपराधियों ने आत्मसमर्पण कर अपराध छोड़ने की शपथ भी ली।
झगड़ा प्रथा के खिलाफ उठाई बुलंद आवाज
मिश्रा ने जिले की पुरानी और महिलाओं के खिलाफ मानी जाने वाली झगड़ा प्रथा के खिलाफ भी निर्णायक अभियान चलाया। सिर्फ मंच से नहीं, बल्कि गांव-गांव जाकर लोगों को जागरूक किया। नाबालिग बच्चियों और महिलाओं के शोषण के विरुद्ध उन्होंने सख्ती से कार्रवाई की और कानून का मजबूत संदेश दिया।
महिला सुरक्षा और NDPS एक्ट में उल्लेखनीय सफलता
महिला अपराधों के प्रति उनकी सतर्कता ने कई गंभीर मामलों में त्वरित कार्रवाई को संभव बनाया। नशे के खिलाफ चलाए गए अभियानों के तहत NDPS एक्ट के अंतर्गत भी उन्होंने कई बड़ी कामयाबियाँ अर्जित कीं। नरसिंहगढ़ जैसी चर्चित चोरी और कई अंधे कत्ल के मामलों में उन्होंने आरोपियों को पकड़कर न्याय दिलाया।

राजगढ़ को मिला नया कप्तान: अमित तोलानी
आदित्य मिश्रा की जगह अब आईपीएस अमित तोलानी को राजगढ़ का नया पुलिस अधीक्षक नियुक्त किया गया है। तालोनी ने वर्ष 2023 में नीमच जिले में मादक पदार्थ तस्करी के विरुद्ध बड़े स्तर पर अभियान चलाया था। वर्तमान में वे 24वीं वाहिनी, जावरा रतलाम में पदस्थ थे। राजगढ़ उनका दूसरा जिला होगा, जहां वे बतौर एसपी कार्यभार संभालेंगे।